छोटीसादड़ी। छोटीसादड़ी में पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करों के चंगुल से 36 गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य तस्कर भागने में सफल रहे। ट्रक में ठूस-ठूस कर भर रखे गए गौवंश में से एक की मृत अवस्था में बरामदगी हुई। बाकी सभी गौवंशों को सुरक्षित गोशाला पहुंचाया गया है।
पुलिस ने बताया कि छोटीसादड़ी पुलिस ने गोमाना चौराहा पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। ट्रक चालक ने रुकने के बजाय मलावदा की ओर ट्रक भगाने की कोशिश की। पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओंने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया। पीछा करने के दौरान तीन तस्कर ट्रक से कूदकर भागने लगे, जिनमें से एक तस्कर को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 36 गौवंश ठूस-ठूस कर भरे हुए मिले, जिनमें से एक गौवंश की हालत गंभीर होने के कारण उसकी मृत्यु हो चुकी थी। शेष गौवंश को सुरक्षित रूप से पास की एक गोशाला में पहुंचाया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। इस कार्रवाई में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सूचना के आधार पर ही पुलिस ने इस तस्करी की योजना को विफल किया। बजरंग दल जिला संयोजक गोविंद पाटीदार, नगर संयोजक विजय माली, गो रक्षा प्रमुख नागेश माली सहित कार्यकर्ताओं ने कार्यवाही में सहयोग किया। इधर, पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार तस्करों की तलाश जारी है। वही, पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन गौवंशों को कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बजरंग दल ने किया पुलिस का स्वागत
जिला सहसंयोजक शमशेर सिंह बंबोरी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस थाने पर पहुंचे और कार्रवाई के दौरान मौजूद एएसआई शिवराम गुर्जर, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल शम्भु सिंह, सोनू व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर सीआई अनिल देवल और बजरंग दल के नगर मंत्री घनश्याम माली, कवि राणा राजस्थानी सहित बड़ी संख्या में कई कार्यकर्ता मौजूद थे।