मध्यप्रदेश के नीमच जिले में राजनीतिक हलचल उस वक्त तेज हो गई, जब देश के उभरते हुए कद्दावर नेता और नगीना सांसद माननीय चंद्रशेखर आज़ाद जी की सहमति से जिले की कमान एक अनुभवी चेहरे को सौंपी गई। बहुजन मिशन को गांव-गांव तक पहुंचाने वाले जुझारू युवा नेता विशाल मेघवाल को आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जमीनी संघर्ष का मिला सम्मान
विशाल मेघवाल का नाम जिले के लिए नया नहीं है। भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सालों तक समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के हक की लड़ाई लड़ी है। उनकी इसी कार्यकुशलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष माननीय सतेंद्र विद्रोही जी ने उन्हें जिला अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति प्रदेश प्रभारी विनोद यादव अंबेडकर और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज चंसोरिया की अनुशंसा पर की गई है।
नीमच की तीनों सीटों पर 'त्रिकोणीय' मुकाबले के आसार
इस नई नियुक्ति ने राजनीतिक पंडितों को गणित बदलने पर मजबूर कर दिया है। जानकारों का मानना है कि विशाल मेघवाल के नेतृत्व में आज़ाद समाज पार्टी आगामी समय में नीमच, मनासा और जावद विधानसभा सीटों पर एक 'सशक्त विकल्प' के रूप में उभरेगी। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह को देखते हुए यह साफ है कि अब चुनावी मैदान में सीधा मुकाबला नहीं, बल्कि कड़ा त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा।
समाज में उत्साह की लहर
विशाल मेघवाल की नियुक्ति की खबर लगते ही जिले भर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि यह केवल एक पद की नियुक्ति नहीं है, बल्कि 'बहुजन सुखाय-बहुजन हिताय' के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जिले के युवाओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे 'युवा शक्ति' की जीत बताया है।