नीमच/जीरन | जिले में कुदरत का कहर इस कदर बरपा है कि अन्नदाता पूरी तरह टूट चुका है। जीरन थाना क्षेत्र के भँवरासा सहित आसपास के गांवों में कल हुई भीषण बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को मिट्टी में मिला दिया है। सरकारी तंत्र की सुस्ती और अब तक सर्वे दल के न पहुँचने से आक्रोशित किसानों ने आज भँवरासा फंटे पर चक्काजाम कर दिया।
मिशन मालवा न्यूज़ के रिपोर्टर समरथ सेन ने ग्राउंड पर पहुँचकर फसलों की तबाही का जायजा लिया। किसानों से बातचीत के दौरान यह दर्द सामने आया कि उनकी पूरी लागत और मेहनत ओलावृष्टि की भेंट चढ़ गई है।
किसानों की प्रमुख माँगें:
* शत-प्रतिशत (100%) मुआवजा: किसानों का स्पष्ट कहना है कि नुकसान इतना अधिक है कि कम राहत राशि से काम नहीं चलेगा।
* तत्काल सर्वे की शुरुआत: प्रशासन की टीम तुरंत खेतों में पहुँचकर भौतिक सत्यापन करे।
* पारदर्शी राहत कार्य: सर्वे की प्रक्रिया में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाइवे पर थमी रफ्तार
चक्काजाम की वजह से नीमच-मन्दसौर हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह बाधित है। मौके पर किसानों का प्रदर्शन जारी है और वे अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। किसानों का आरोप है कि फसलें बर्बाद होने के बावजूद अभी तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुँचा है।
बने रहें 'मिशन मालवा न्यूज़' के साथ ग्राउंड रिपोर्टर: समरथ सेन मिशन मालवा टीम, नीमच