भँवरासा फंटे पर चक्काजाम समाप्त: प्रशासन ने कहा- "जल्द होगा समाधान", 7 दिन के भीतर सर्वे का दिया भरोसा
नीमच | ओलावृष्टि की मार झेल रहे किसानों के आक्रोश के बाद आज प्रशासन ने मोर्चा संभाला। जीरन थाना क्षेत्र के भँवरासा फंटे पर किसानों द्वारा किए गए चक्काजाम को अधिकारियों की समझाइश के बाद खोल दिया गया है। मिशन मालवा न्यूज़ के लिए समरथ सेन की रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर पहुंचे अपर कलेक्टर, एसडीएम और एडिशनल एसपी ने किसानों को आश्वस्त किया है कि फसल नुकसान का जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।
अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा
प्रशासनिक अमले ने प्रदर्शनकारी किसानों और कांग्रेस नेता तरुण बाहेती से चर्चा कर उन्हें विश्वास में लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन किसानों के साथ है और 7 दिन के अंदर-अंदर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद किसानों ने जाम हटा दिया और हाइवे पर यातायात पुनः सुचारू हो गया है।
खेतों में पहुंचे अधिकारी, देखा तबाही का मंजर
चक्काजाम हटने के तुरंत बाद अधिकारी केवल दफ्तर नहीं लौटे, बल्कि समरथ सेन के साथ प्रभावित खेतों का मुआयना करने भी पहुंचे। ओलावृष्टि से बिछी फसलों को देख अधिकारियों ने त्वरित कार्यवाही की बात कही। हालांकि, किसानों ने चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।