नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव राबड़िया में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के मंदिर परिसर में गांव के ही एक युवक की लाश लोगो को दिखाई दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई सूचना पर जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। युवक की पहचान गांव के रेवतीप्रसाद पाटीदार के रूप में की गई।
दरअसल गांव राबड़िया निवासी रेवतीप्रसाद पिता नानूराम उम्र 36 वर्ष जाति पाटीदार सोमवार सुबह घर से दुकान के लिए निकला था। रेवतीप्रसाद की गांव में ही किराना दुकान है। मगर जब वह रात्रि में घर नही आया, तो परिजनों को चिन्ता हुई। दुकान के साथ-साथ गांव में भी पूछताछ की मगर युवक का पता नहीं चला, काफी ढूंढने पर भी युवक कही नही मिला। जब मंगलवार सुबह गांव के लोगों ने युवक मंदिर परिसर में मृत अवस्था में पड़ा पाया। तो ग्रामीणों द्वारा युवक के परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीमच जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।