नीमच। शहर के हाइवे बाईपास स्थित जेतपुरा चौराहा के समीप धानुका फैक्ट्री के सामने शुक्रवार देर रात 1 से 2 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार 2 लोगो की मौत हो गई जबकि 7 अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की गौहरगंज तहसील गांव पांचरा से राजस्थान के पाली अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे।
हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि गाड़ी की रफ्तार काफी तेज रही होगी। जिसके चलते वह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि सम्भवतः कार चालक को नींद का झोखा आगया होगा और वह कार से नियंत्रण को बैठा। जिससे यह हादसा हो गया होगा। हादसे की सूचना मिलते ही नीमच सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहॉ चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कनावटी के एक निजी अस्पताल में भेजा गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। शनिवार दोपहर को परिजनों के आने के बाद पुलिस ने मृतको के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जान शुरू कर दी है।