नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी 'अभियान त्रिनेत्र' के तहत नीमच एसपी राजेश व्यास के मार्गदर्शन में मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी, लेकिन इस मामले का मुख्य सूत्रधार अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। बीती 6 मई को कंजार्डा चौकी पुलिस ने एक बिना नंबर के जॉन डियर ट्रैक्टर-ट्रॉली से 6 क्विंटल 01 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर चालक सत्यनारायण धाकड़ निवासी कंजार्डा को गिरफ्तार किया था, जिसकी कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद ट्रैक्टर में डोडाचूरा भरवाने वाले पंकज धाकड़ नामक व्यक्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 के तहत आरोपी बनाया है। लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस पंकज धाकड़ को गिरफ्तार नहीं कर पाई है और वह अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर बना हुआ है।
चूंकि 6 क्विंटल से अधिक की यह खेप बहुत बड़ी है, इसलिए यह साफ है कि इतना डोडाचूरा किसी एक या दो व्यक्तियों का नहीं होए सकता। इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय होने की पूरी आशंका है। आरोपी पंकज धाकड़ की गिरफ्तारी इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी है, क्योंकि उसके पकड़े जाने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा कहाँ से लाया गया था और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। हाल ही में रतनगढ़ क्षेत्र में हुई डोडाचूरा की कार्रवाई में भी पुलिस ने माल लाने और ले जाने वाले आरोपियों को नामजद कर कड़ी कार्रवाई की है। ऐसे में मनासा पुलिस के सामने भी अब पंकज धाकड़ को जल्द से जल्द दबोचने की चुनौती है, जिससे पूछताछ के बाद इस काले कारोबार से जुड़े कई और बड़े तस्करों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी और कंजार्डा चौकी प्रभारी श्याम कुमावत की टीम फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।