नीमच | शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत प्रशासन ने कुकड़ेश्वर में मिलावटखोरों और गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाने वालों की कमर तोड़ दी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी.एस.कलेश के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को कुकड़ेश्वर और रामपुरा में बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया।
🚨 श्री साईं कृपा नमकीन पर गिरी गाज: बिना लाइसेंस चल रहा था खेल
मनासा-रामपुरा रोड स्थित 'मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन' पर जब टीम पहुँची, तो नियमों की जमकर धज्जियाँ उड़ती मिलीं।
अस्वच्छ परिस्थितियाँ: नमकीन का निर्माण बेहद अस्वास्थ्यकर माहौल में हो रहा था।
फर्जीवाड़ा: पैकेटों पर निर्माता का पता 'जूनी भदाना' अंकित था, जबकि निर्माण कुकड़ेश्वर में किया जा रहा था। पैकेटों पर पैकिंग दिनांक, बैच नंबर और लाइसेंस नंबर जैसी अनिवार्य जानकारी गायब थी।
📦 13 क्विंटल माल जब्त, फैक्ट्री शटडाउन
खाद्य सुरक्षा टीम ने परिसर को तत्काल शटडाउन कर क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी है। मौके से बजरंग स्पेशल सेव, श्रद्धा रतलामी सेव और श्री साईं कृपा नमकीन सहित कुल 1385 किलोग्राम नमकीन जब्त की गई, जिसकी कीमत 22,600 रुपये आंकी गई है। टीम ने तेल, बेसन और मसालों सहित कुल 11 नमूने जाँच हेतु लिए हैं।
⚖️ कोर्ट में दर्ज होगा प्रकरण
इस गंभीर लापरवाही पर संबंधित को धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है और मामला अपर कलेक्टर नीमच के न्यायालय में दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही, रामपुरा की सांवलिया दुग्ध डेरी से भी दूध, दही, पनीर और घी के 4 नमूने लिए गए।
टीम: यह प्रभावी कार्यवाही नायब तहसीलदार नवीन छत्रोले एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा की टीम द्वारा की गई।