नई दिल्ली/नीमच | राजधानी दिल्ली के आलीशान 'मेपल गोल्ड' होटल में उस वक्त तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी, जब नीमच की पावन धरा के गौरव, चमत्कारी बालाजी के मुख्य पुजारी गुरु एकांतवासी को 'डॉक्टरेट' की मानद उपाधि से नवाजा गया।
वर्ल्ड कल्चरल एंड एजुकेशनल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस भव्य सम्मान समारोह में गुरु एकांतवासी को उनके द्वारा सनातन सेवा, समाज कल्याण और मानवता के प्रति दिए गए दीर्घकालीन योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।
सितारों की मौजूदगी में मिला सम्मान
समारोह की चमक उस वक्त और बढ़ गई जब बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और 'बैडमैन' के नाम से मशहूर गुलशन ग्रोवर और तिहाड़ जेल के डीएसपी अजय भाटिया ने मंच पर गुरु एकांतवासी को उपाधि प्रदान की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में:
- योगेश राणा: अध्यक्ष, दिल्ली नगर निगम ग्रामीण समिति
- महंत योगेश भारद्वाज: दिल्ली कालिका मंदिर
- पुष्पराज जी सहित देश के कई बड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नीमच में जश्न का माहौल
नीमच के चमत्कारी बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान से पूरे मालवा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही यह खबर भक्तों और स्थानीय लोगों तक पहुंची, सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोगों का कहना है कि यह सम्मान केवल गुरुजी का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन परंपरा और सेवा भाव का सम्मान है।
"गुरु एकांतवासी का जीवन निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। दिल्ली के मंच पर उन्हें मिला यह सम्मान नीमच के हर नागरिक के लिए गर्व की बात है।" — एक उत्साहित भक्त
खास बातें:
- आयोजक: वर्ल्ड कल्चरल एंड एजुकेशनल ऑर्गेनाइजेशन, दिल्ली।
- स्थान: मेपल गोल्ड ब्रैकवेट, पश्चिम विहार, नई दिल्ली।
- उपाधि: मानद डॉक्टरेट (Hon. Doctorate)।
- सहभागिता: भारत के विभिन्न राज्यों से आए दिग्गजों ने की शिरकत।
ब्यूरो रिपोर्ट: मिशन मालवा न्यूज़