नीमच। पत्रकारिता के बदलते दौर में तकनीक को सशक्त माध्यम बनाते हुए जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के सौजन्य से महाराष्ट्र नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा नीमच जिले के जावद स्थित सांदीपनि विद्यालय के सभागार में एक दिवसीय पत्रकारिता कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से पत्रकारिता की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रभावशीलता बढ़ाने पर विशेष रूप से जोर दिया गया।
महाराष्ट्र से आए विषय विशेषज्ञ मयूर ने पत्रकारों को एआई आधारित आधुनिक टूल्स की जानकारी देते हुए फेक न्यूज की पहचान, समाचारों की सत्यता जांच और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदार रिपोर्टिंग के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने गूगल फॉर्म, टेक्स्ट से ऑडियो कन्वर्जन, वीडियो डिजाइन और कंटेंट क्रिएशन जैसे डिजिटल टूल्स के लाइव डेमो प्रस्तुत कर पत्रकारों को आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की दिशा से अवगत कराया।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि एआई का सकारात्मक, संतुलित और जिम्मेदार उपयोग पत्रकारिता को और अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं विश्वसनीय बना सकता है। उन्होंने पत्रकारों से तकनीक को साधन बनाकर समाज तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में जिलेभर से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।