नीमच। महू-नीमच हाइवे पर स्थित कृष्णा गार्डन के सामने मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक लाल रंग की यात्री बस ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना दोपहर लगभग 12:40 बजे हुई। बस मंदसौर की ओर जा रही थी और हादसे के वक्त वह बुलेट शोरूम के पास से गुजर रही थी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हादसे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए, जिससे बस और चालक की पहचान हो सके। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि बस मुंद्रा ट्रेवल्स की हो सकती है, जो डीमार्ट रोड होते हुए मंदसौर की ओर जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और बस चालक की तलाश की जा रही है।