छोटीसादड़ी। उपखंड क्षेत्र के कारुंड़ा ग्राम पंचायत में स्थित एक खेत में खड़ी फसल पर जेसीबी मशीन चलाकर नुकसान पहुंचाने मामला सामने आया है। मामले को लेकर
प्राथी राहुल चंद्र पिता हरिश्चंद्र रेगर ने छोटीसादड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में प्रार्थी ने बताया कि, उनकी पैतृक कृषि भूमि को रामेश्वर गुर्जर और प्रकाश तेली को सिजारे पर दिया गया था, जहां वर्तमान में ज्वार, सोयाबीन, और सिया की फसल बोई हुई थी। प्रार्थी का आरोप है कि कारुंड़ा निवासी रामेश्वर लाल पिता किशन लाल पाटीदार और पृथ्वीराज पिता किशन लाल सहित अन्य व्यक्तियों ने रात में जेसीबी मशीन के माध्यम से खेत में लगी खाई को भर दिया और फसल को नष्ट कर वहां से रास्ता बना दिया। जब प्रार्थी को सुबह सूचना मिली और वह खेत पर गए, तो उन्होंने उन व्यक्तियों को ऐसा करने से मना किया, जिसके जवाब में उन लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर धमकियां दीं और कहा कि अगर वह फिर से खेत पर आए तो उनके खिलाफ महिला अपराध से संबंधित झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। प्रार्थी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।