नीमच। ज़िले में चल रही अफीम तौल प्रक्रिया के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) के उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) अजय कुमार (पिता- मदन मोहन शुक्ला), उम्र 45 वर्ष, का शव शनिवार सुबह एक होटल के कमरे में मिला। इस घटना से विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नीमच के मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित आम्रपाली होटल (रिसोर्ट) में सीपीएस तौल केंद्र का संचालन हो रहा था। तौल प्रक्रिया के दौरान ही उपनिरीक्षक अजय कुमार अपने कमरे में मृत पाए गए। साथी अधिकारियों ने जब उन्हें काफी देर तक बाहर नहीं देखा तो दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया,नहीं खोलने पर दरवाज़ा तोड़ गया। जहां वे अचेत अवस्था में मिले। तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल अजय कुमार की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर यह नेचुरल डेथ बताई जा रही है। इधर यह ज़हरीले पदार्थ के सेवन करने का भी संदेह जताया जा रहा है, लेकिन पुलिस और विभागीय अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने पर ही असल वजह का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद नारकोटिक्स विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले को लेकर सहकर्मियों और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि नीमच जिले में हर साल अफीम की तौल प्रक्रिया में देशभर से नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी नियुक्त किए जाते हैं। ताजा घटना ने तौल केंद्र की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।